अंबेडकरनगर। दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार रात जिले में रोशनी और आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला। घरों से लेकर बाजारों तक दीये और रंग-बिरंगी झालरों की जगमग रही। फुलझड़ी, अनार, चकरी और विभिन्न प्रकार के पटाखों की आतिशबाजी से आसमान सतरंगी नजर आया। त्योहार को लेकर बाजारों में भी जबरदस्त उत्साह दिखा। धनतेरस के दूसरे दिन भी खरीदारी का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। सराफा, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई और पटाखों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। पटाखा कारोबारियों के अनुसार, इस बार जिले में पांच करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
अकबरपुर के शहजादपुर बाजार, गांधी चौक, पटेल चौराहा और अयोध्या मार्ग पर सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई थी। लोगों ने गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, मिट्टी के दीये, फूलमालाएं, रुई, बतासे, लाई-चूड़ा और पूजन सामग्री की खरीदारी की। घरों को रोशन करने के लिए रंग-बिरंगी झालरों, एलईडी लाइट और अन्य सजावटी सामान की दुकानों पर भी देर रात तक ग्राहक जुटे रहे। सराफा दुकानों पर आभूषणों और बर्तन की दुकानों पर स्टील, पीतल समेत अन्य धातुओं के बर्तनों की खरीदारी हुई। बसखारी, जलालपुर, जहांगीरगंज, कटेहरी, महरुआ और भीटी के बाजारों में भी खूब चहल-पहल रही।
पटाखा बाजार में बच्चों से लेकर बड़ों तक में उत्साह
दीपावली को लेकर पटाखा बाजार में भी रौनक बढ़ गई। अकबरपुर की नवीन मंडी समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर आतिशबाजी की अस्थायी दुकानें सजाई गई हैं। शनिवार को सुबह से ही इन दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी, जो देर रात तक बनी रही। बच्चों ने फुलझड़ी, अनार, चकरी और रंग-बिरंगे फैंसी पटाखों को पसंद किया। वहीं, आसमान में रंगीन रोशनी बिखेरने वाली आतिशबाजी की भी खूब मांग रही। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने अपने बजट के अनुसार पटाखों की खरीदारी की। पर्यावरण अनुकूल फुलझड़ियों की ओर भी लोगों का रुझान दिखा। कारोबारियों का कहना है कि इस बार बिक्री अच्छी रहने की उम्मीद है। जिले में पांच करोड़ रुपये से अधिक के पटाखों के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।
पारंपरिक मिठाइयों की बढ़ी मांग
दीपावली पर मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। चॉकलेट और आधुनिक मिठाइयों के साथ पारंपरिक मिठाइयों की मांग भी खूब रही। छेना, काजूकतली, रसगुल्ला और लड्डू के अलावा लाई, चूड़ा, गट्टा और चीनी से बनी मिठाइयों की लोगों ने जमकर खरीदारी की। घरों में त्योहार की परंपरा निभाने के लिए लोग इन सामानों को प्राथमिकता देते नजर आए। लगातार दूसरे दिन बाजारों में बनी रौनक से व्यापारियों के चेहरे भी खिले रहे। उनका कहना है कि इस बार त्योहार पर ग्राहकों में अच्छा उत्साह देखने को मिला है।
सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं दिवाली : डीएम
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं। पटाखे जलाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को अकेले आतिशबाजी न करने दें। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए कम ध्वनि और प्रदूषण वाले पटाखों का प्रयोग करें। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
अफवाहों पर न दें ध्यान, शांति बनाए रखें : एसपी
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने जिलेवासियों से दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों को साझा करने से बचें। पटाखे निर्धारित स्थानों पर ही जलाएं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आतिशबाजी न करें। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहेगा।
अकबरपुर के नवीन सब्जी मंडी में लगी दुकान पर पटाखा खरीदते युवा। संवाद