अंबेडकरनगर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने के लिए मिली 35 नई एंबुलेंसों को कलेक्ट्रेट से अलग-अलग सीएचसी के लिए एमएलसी, विधायक व डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई एंबुलेंसों के मिलने के बाद मरीजों को समय से बेहतर इलाज मिल सकेगा। इसके लिए लोगों को जहां समय से इलाज की सुविधा मिलेगी वहीं पैसे की भी बचत होगी। सबसे ज्यादा लाभ उन लोगों को है, जो सड़क हादसे में घायल हो जाते हैं। ऐसे में उन्हें उपचार की बेहद जरूरत होती है, लेकिन समय से वाहन नहीं मिल पाते हैं।
जिले में 52 एंबुलेंस का संचालन हो रहा है, लेकिन इसमें से 35 वाहनों की समयावधि पूरी हो गई है। इससे कुछ समस्या आ रही थी। वहीं, अब नई एंबुलेंस मिलने के बाद मरीजों को इसका भरपूर लाभ मिलेगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट में एमएलसी हरिओम पांडेय विधायक धर्मराज निषाद व डीएम अनुपम शुक्ला ने संयुक्त रूप से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एमएलसी ने कहा कि सरकार लोगों को लगातार बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करा रही है। स्वास्थ्य सेवाएं सुगम हो इसके एंबुलेंस की सौगात मिली है। इस दौरान सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, सीएमओ डॉ संजय कुमार शैवाल, एडीएम न्यायिक, एएसपी पश्चिम व नोडल डॉ मनोज सिंह मौजूद रहे।