फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज बुखार से बालक व युवक की मौत

Mon, 17 Oct 2016 10:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
hospital - फोटो : demo pic
विज्ञापन
तेज बुखार से 24 घंटे के भीतर एक बालक व एक युवक की मौत हो गई। एक और युवक को तेज बुखार के बाद खून की उल्टी होने पर परिवारीजन उसे लेकर लखनऊ चले गए। इस बीच तेज बुखार से ही पीड़ित छह लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसे लेकर लोगों में चिंता का माहौल व्याप्त है क्योंकि डेंगू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार भी शामिल है। 
विज्ञापन


जिले में डेंगू को लेकर पनपे खौफ के बीच तेज बुखार से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार लोग तेज बुखार की चपेट में आकर सीएचसी व पीएचसी से इलाज के बाद जिला अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। बीते 24 घंटे में तेज बुखार की चपेट में आने से एक बालक व एक युवक की मौत हो गई जबकि एक युवक लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती है।

उधर, जलालपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत कैथा गांव निवासी दिनेश वर्मा (40) पुत्र रामअशीष को शनिवार को तेज बुखार चढ़ने पर परिवारीजनों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराया था। हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में रविवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। 
विज्ञापन


टांडा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र अंतर्गत मुमताजगंज निवासी मोहम्मद सलीम का सात वर्षीय पुत्र अमान रजा शनिवार दोपहर बाद तेज बुखार की चपेट में आ गया। परिवारीजनों ने बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में उसका इलाज कराया।

रविवार देर शाम तक उसकी तबियत और बिगड़ गई तो एक बार फिर से परिवारीजन उसे लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। मासूम की हालत गंभीर होती देख चिकित्सक ने उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी। परिवारीजन जब तक उसे लखनऊ ले जाने की तैयार करते, उसने दम तोड़ दिया।

इससे परिवारीजनों में रोना-पीटना मच गया। इसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत काजीपुरा निवासी महबूब (18) पुत्र मोहम्मद आरिफ को पांच दिन पूर्व तेज बुखार की चपेट में आने पर परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार शाम अस्पताल से उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।

बताया जाता है कि जब परिवारीजन उसे लेकर घर पहुंचे तो कुछ ही देर बाद उसकी तबियत बिगड़ने लगी। देर रात उसे खून की कई उल्टियां भी हुईं। इससे घबराए परिवारीजनों ने उसे सोमवार भोर में लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। 

 उधर, बेवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत उम्मरपुर गांव निवासिनी उर्मिला (42) पत्नी मुन्नालाल को तेज बुखार की चपेट में आने के बाद सोमवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छीटेपट्टी गांव निवासिनी गीता देवी (30) पत्नी रामनाथ को तेज बुखार की चपेट में आने के बाद जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया गया।

उधर, अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरौली बाजार निवासिनी अनीता (35) पत्नी प्रदीप को रविवार देर शाम तेज बुखार की चपेट में आने के बाद परिवारीजनों ने पहले सीएचसी कटेहरी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरानपुर मोहल्ला निवासी नरसिंह (40) पुत्र श्यामनरायन, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसहरा गांव निवासी राकेश (45) पुत्र रामराज व जहांगीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुन्नूपुर गांव निवासी मंगलदेव (28) पुत्र देवनरायन को भी तेज बुखार की चपेट में आने के बाद परिवारीजनों ने सोमवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

टांडा क्षेत्र में डेंगू के चार और मरीज सामने आए हैं। इनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अब तक तहसील क्षेत्र के तीन लोगों की मौत डेंगू से हो चुकी है। तहसील क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेजी से पांव पसार रहे डेंगू की चपेट में आने से पहले ही क्षेत्र के तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

क्षेत्र के 20 से अधिक लोग डेंगू से पीड़ित होकर पहले से ही अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। इस बीच डेंगू के चार और मरीज सामने आए हैं। तहसील क्षेत्र के मुमताजगंज निवासिनी मेहरुन्निशां (50) को बीते दिन जांच में डेंगू के लक्षण पाए जाने पर लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इसी बाजार के निवासी महबूब सुब्हानी (35) को चार दिनों से बुखार था। रविवार सुबह जांच में डेंगू के लक्षण पाए गए। इस पर परिवारीजनों ने उसे लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटकहां गांव निवासी अतीक अहमद (30) को भी डेंगू की चपेट में आने के बाद परिवारीजनों ने वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

उधर, अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज निवासी वसीम (40) को एक सप्ताह पहले तेज बुखार चढ़ गया। दो दिन पहले उसकी जांच हुई तो डेंगू का लक्षण पाया गया। इस पर उसे वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें