अंबेडकरनगर। सेवानिवृत्त शिक्षक का शव परिजन अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। तभी मृतक की बेटी ने पिता की संदिग्ध अवस्था में मौत की शिकायत कर दी। पुलिस ने अंतिम यात्रा रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
थाना व ग्राम इब्राहिमपुर के साधू शरण (74) सेवानिवृत्त शिक्षक थे और अकेले ही अपने घर पर रहते थे। उनके दो पुत्र सुनील और सुशील गैरजनपद में रहते थे। उनकी पत्नी बेटी सुनीता के साथ हसनपुर केदारनगर में रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार साधू शरण लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। बेटा सुनील सुबह गांव पहुंचा और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगा। इस बीच सुनीता ने बगैर सूचना दिए अंतिम संस्कार करने के लिए ले जाने व मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी।
इसके बाद पुलिस ने रास्ते में अंतिम यात्रा रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। थाना प्रभारी रितेश पांडेय ने बताया कि मृतक के पारिवारिक जमीनी विवाद का मामला जांच में प्रकाश में आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता लग सकेगा।