अंबेडकरनगर। बिजली विभाग के कार्यालय पर आकर अब बवाल करने के वाले बचकर नहीं जा सकेंगे। इसके लिए बिजली विभाग अपने सभी बिजली घरों पर सीसीटीवी लगवाने जा रहा है। सीसीटीवी के अलावा अग्निशमन यंत्र और जर्जर उपकरणों को ठीक कराने का डेढ़ करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेज स्वीकृति मांगी गई है।
जिले की 23 लाख से अधिक आबादी के घरोंं को 42 उपकेंद्र के 120 से अधिक फीडरोंं से बिजली की आपूर्ति दी जा रही है। विद्युतीकरण के कार्य में करीब 700 ठेका लाइनमैन के साथ ही 100 संविदा लाइनमैन तैनात हैं। इनकी निगरानी की जिम्मेदारी 120 अवर अभियंताओं के हाथोंं में हैं। ये सभी मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे, तहसील क्षेत्र में 22 घंटे व जिला मुख्यालय पर 24 घंटे की बिजली आपूर्ति की सप्लाई के लिए जुटे रहते हैं।
जब बिजली कर्मियों को फाॅल्ट ढूंढने से नहीं मिलता है तो अक्सर उपभोक्ता उग्र हो जाते हैं। बीते दिनों अकबरपुर बिजली घर के अलावा जलालपुर और रामनगर में बिजली घर पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने बिजलीकर्मियोंं को मारा पीटा जा चुका है। इसके बाद तकरार की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस प्रकार की छुटपुट घटनाओं को संज्ञान में लेकर बीते माह सभी बिजली घरों पर सेवानिवृत्त सैनिकों को सुरक्षा के लिए तैनात कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी बिजली घरों पर सीसीटीवी लगाकर निगरानी का खाका तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया है।
इन केंद्रों का हुआ चयन
अकबरपुर बिजली घर के सभी बिजली घरों के अलावा आलापुर के रामनगर, बसखारी, हंसवार, न्योरी, तेंदुआईकला, दरगाह किछौछा, इल्तिफातगंज, धौरहरा, महारीपुर, सूरापुर, बलया जगदीशपुर, न्यू टांडा, मुबारकपुर, बुनकर, अलीगंज, ओल्ड टांडा पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर कर्मचारियों के सुरक्षा की निगरानी की जाएगी।
-
लगेंगे विद्युत उपकरण
कैमरे की सुरक्षा के साथ ही बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए आलापुर उपकेंद्र के बिजली घरों पर करीब नौ लाख रुपये से कंट्रोल पैनल और फ्यूज सेट लगावाए जाएंगे। ढाई लाख से यहां सर्किट ब्रेकर बदले जाएंगे। महरीपुर और सूपरापुर बिजली घर में दो लाख से आईसोलेटर लगाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जाएगी।
-
वर्जन
भेजा गया प्रस्ताव
निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए बिजली सुधार के कार्य के साथ ही बिजली कर्मियों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इसके लिए बिजली घरों पर सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र लगवाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
- राजकुमार त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता