अंबेडकरनगर। भीटी थाना अंतर्गत पिगरियावां खजुरी गांव में रास्ते के विवाद को लेकर गुरुवार को सुबह लामबंद लोगों ने लाठी-डंडों से दंपती की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान फावड़े का भी प्रयोग किया गया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
भीटी थाना क्षेत्र के पिगरियावां खजुरीगांव निवासी राजमन गांव में ही घर का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि विपक्षी मनीराम ने उन्हें अपने घर के सामने से होकर आने-जाने से मना कर दिया। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से संबंधित मार्ग से आवागमन को लेकर विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि गुरुवार को सुबह इसे लेकर हुई कहासुनी के बीच मनीराम पक्ष ने राजमन की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। चीख पुकार पर उसकी 50 वर्षीय पत्नी सुदामा भी वहां पहुंच गई। विपक्षियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। आरोप है कि इस दौरान फावड़े का भी प्रयोग किया गया।
मारपीट में राजमन (52) व सुदामा (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजकर छानबीन शुरू कर दी है। एसओ दयाशंकर मित्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में छानबीन की जा रही है।