अंबेडकरनगर बसखारी क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में गर्भपात के दौरान महिला की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के मठिया महमदपुर गांव निवासी पंकज यादव की पत्नी सुमन यादव (30) गर्भवती थीं। पेट दर्द की शिकायत पर परिजनों ने उन्हें बसखारी स्थित जय इंद्रा हॉस्पिटल में गर्भपात के लिए भर्ती कराया था। आरोप है कि प्रक्रिया के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। अस्पताल से उसे रेफर किया गया, लेकिन लखनऊ से वापस लौटते समय सात जुलाई को उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतका के भाई संजय यादव ने अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आने पर उन्होंने सीएमओ को पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने बताया कि जांच समिति में संबंधित क्षेत्र के पदेन एसडीएम, एसीएमओ डॉ. रामानंद तथा सीएचसी बसखारी की महिला चिकित्सक डॉ. रजनी सचान को शामिल किया गया है। समिति एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।