जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जलालपुर के मालीपुर रोड स्थित आवास पर राजू पटेल (40) का शव शुक्रवार को सुबह पंखे के सहारे रस्सी फंदे से लटकता मिला। जानकारी होने पर परिजन शव उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरपुर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
राजू शुक्रवार की सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे। लौटने के बाद उन्होंने घर पर चाय पी और बाहर ही बैठ गए थे। पुत्र शिवम (16) और पुत्री शिवांगी (14) दोनों स्कूल चले गए। पत्नी मनीषा घर के अन्य दैनिक कार्यों में लग गईं। इसके बाद राजू अपने कमरे में चले गए थे। पत्नी कुछ देर बाद कमरे में पहुंचीं तो राजू को फंदे से लटकता देखकर वह चीख पड़ीं। देखते ही देखते पड़ोसी व अन्य परिजन आ गए। काफी मशक्कत के बाद राजू को नीचे उतारा, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस भी सीएचसी पहुंची। हालांकि परिवार के लोगों ने पोस्टमाॅर्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मां आनमती ने बताया कि पुत्र राजू दो दिन से काफी परेशान था, लेकिन किसी को कुछ बता नहीं रहा था। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि अभी कोई शिकायत पत्र नहीं मिली है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पोस्टमार्टम कराने से भी परिजनों ने मना कर दिया है।