अंबेडकरनगर। जम्मूतवी एक्सप्रेस के आरक्षण बोगी के शौचालय में मंगलवार सुबह आरपीएफ को संदिग्ध दशा में युवक बेहोशी की दशा में पड़ा मिला। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर शव को उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया।
मंगलवार सुबह अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर जम्मूतवी एक्सप्रेस के रुकने पर आरपीएफ के सिपाही जांच के लिए अंदर गए। एक आरक्षण बोगी के शौचालय की जांच में एक युवक बेहोशी की दशा में पड़ा मिला। उसे ट्रेन से नीचे उतारा गया। जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरपीएफ थानाध्यक्ष जीएस गौतम ने बताया कि तलाशी पर युवक की पहचान रबेकुल शेख (42) निवासी बरधनपारा थाना पैकोल जिला वीरभूमि पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। बताया कि परिजनों को सूचना देने के साथ ही शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। (संवाद)