अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र बसखारी के दरगाह रसूलपुर में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव घर में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले में छानबीन शुरू कर दी।
मोहल्ला निवासी रियाज शनिवार देर शाम चाय बेचकर घर पहुंचा और सो गया। रविवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो आसपास के लोगों को चिंता सताने लगी। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी एसओ राजकुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर जब अंदर गए, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। रियाज का शव चारपाई पड़ा हुआ था। पुलिस ने बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार रियाज चाय बेचकर परिवार का पालन पोषण करता था। बीते दिनों ही उसकी पत्नी मायके गई थी। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।