युवती की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
जलालपुर अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र जैतपुर के लखमीपुर गांव स्थित घर में शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का शव छत से लटकता मिला। हत्या की आशंका जताए जाने पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए।
लखमीपुर गांव निवासी गरिमा शुक्ला (22) शुक्रवार सुबह घर की सफाई व अन्य काम कर अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो उसकी छोटी बहन उपमा उसे बुलाने गई। वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गई। कमरे की छत से दुपट्टे के सहारे गरिमा का शव लटक रहा था। नाक से खून निकल रहा था। उपमा के चीखने चिल्लाने पर उसकी बड़ी बहन खुशी भी वहां पहुंच गई। आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
जैतपुर पुलिस ने मामला संदिग्ध देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया लिया। टीम ने गहनता से जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थानाध्यक्ष जैतपुर वंदना अग्रहरि ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की जानकारी हो सकेगी। मामले में छानबीन की जा रही है।
दादी के साथ रहती थी गरिमा
मृतका गरिमा अपनी दादी व छोटी बहन उपमा के साथ रहती थी। बड़ी बहन खुशी भी बीते दिनों ही ससुराल से यहां आई थी। उसके पिता संजय अपनी पत्नी व दो बेटियों प्रिंशू व गुड़िया के साथ फरीदाबाद में रहते हैं। घटना की जानकारी उन्हें दी गई है।