अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को टीम ने आग से निपटने के इंतजामों को परखा। मॉकडि्रल में अस्पताल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने व हादसे के समय बचने के लिए टिप्स दिए गए। उधर, राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भी मॉकडि्रल हुई।
झांसी मेडिकल कॉलेज में हुई वारदात के बाद से स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर, जिला अस्पताल के अलावा अन्य सरकारी अस्पतालों में आग से निपटने को लेकर जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर की जा रही हैं। जिला अस्पताल में अग्निशमन अधिकारी की तैनाती की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में आग से निपटने को लेकर मॉकडि्रल हुआ।
जिला अग्निशमन अधिकारी जेपी सिंह व सीएमएस डॉ ओमप्रकाश की मौजूदगी में हुई मॉकडि्रल के दौरान सांकेतिक आग बुझाई गई। इसके साथ ही आग के फैलने की दशा में उसमें फंसे मरीजों, तीमारदारों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का भी अभ्यास इस दौरान किया गया। इस दौरान प्रबंधक डॉ. हर्षित गुप्ता के अलावा स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।
उधर एक दिन पहले बुधवार देर शाम राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में प्राचार्य डॉ आभास सिंह व सीएमएस डॉ अमित पटेल की मौजूदगी में आग से बेहतर ढंग से निपटने के लिए मॉकडि्रल हुआ। कर्मचारियों को बताया गया कि अग्निशमन उपकरणों का किस प्रकार से बेहतर ढंग से उपयोग किया जा सकता है। कहा गया कि आग लगने की दशा में हौसला खोना नहीं चाहिए, बल्कि इससे निपटने के लिए पूरी तरह से खुद को मजबूत करना होगा। इस दौरान उप प्राचार्य डॉ उमेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।