विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। जमीन व रुपयों के लालच में दूसरों पर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाने में पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस पर पूर्व से ही कई मुकदमे हैं और गुंडा अधिनियम की कार्रवाई भी हो चुकी है।
टांडा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि इरफान अहमद उर्फ इरफान पठान निवासी छज्जापुर टांडा शातिर अपराधी है। इरफान पर पूर्व से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसने लोगों से रुपये ऐंठने के लिए एक महिला से दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाना शुरू किया था। इरफान ने एक महिला की सहायता से निसार अहमद व उसके भाई इसरार अहमद के खिलाफ फर्जी तहरीर दिलवाई थी, ताकि इनसे जमीन और रुपये ऐंठे जा सकें।
दोनों से इरफान ने 1.20 लाख रुपये ठग भी लिए थे। मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो हकीकत खुलकर सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी इरफान को रविवार की देर रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी को न्यायालय भेजा गया, जहां से उसे जेल रवाना कर दिया गया है। (संवाद)