अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट पर मांगों को लेकर प्रदर्शन करते टीईटी संघर्ष मोर्चा के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद पर तैनाती की मांग को लेकर टीईटी संघर्ष मोर्चा ने रविवार को कलेक्ट्रेट के निकट धरना दिया। कहा गया कि प्रदेश सरकार वादाखिलाफी कर रही है। यह उसे आने वाले विधानसभा चुनाव में महंगा पड़ेगा। चेतावनी दी गई कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
अध्यक्षता कर रहे अध्यक्ष आनंद रमन ने कहा कि लंबे समय से टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद पर तैनाती की बाट जोह रहे हैं, लेकिन अब तक इस तरफ प्रदेश सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है। प्रदेश सरकार जानबूझकर तैनाती प्रक्रिया प्रारंभ करने में देर कर रही है।
कहा कि वादे के मुताबिक सभी टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की तैनाती सहायक अध्यापक पद पर की जानी चाहिए थी, लेकिन मात्र कुछ अभ्यर्थियों की तैनाती कर प्रदेश सरकार ने अपनी जिम्मेदारी से इतिश्री कर ली। ऐसे में बड़ी संख्या में टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी तैनाती से वंचित रह गए हैं।
वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार को इस उपेक्षा का खामियाजा आने वाले विधानसभा चुनाव में भुगतना होगा। कहा गया कि टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपने हक को हासिल कर के ही रहेंगे।
चेतावनी दी गई कि जब तक तैनाती प्रक्रिया नहीं शुरू की जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इससे वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। इस दौरान अर्जुन, अवधेश, अशोक, सुभाष, दिलीप, पंकज, दीवान चंद आदि मौजूद रहे।