कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय किछौछा दरगाह पहुंचे।
किछौछा (अंबेडकरनगर)। सैयद मखदूम अशरफ के गुस्ल के मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. मसूद ने बृहस्पतिवार देर शाम मखदूम अशरफ की दरगाह पर हाजिरी लगाई। कांग्रेस नेता और मुजाविर-ए-आस्ताना इमरान गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को मजार शरीफ पर ले जाकर जियारत करवाई। उन्होंने देश की एकता, अखंडता के लिए विशेष दुआएं मांगी।
इसके पूर्व जब अजय राय व डॉ. मसूद का काफिला बसखारी पहुंचा तो कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मेराजुद्दीन किछौछवी ने उन्हें माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं जियारत के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पहलगाम में बेगुनाह सैलानियों पर कायराना हमला बहुत ही दुखद है। आगे उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह सुरक्षा व्यवस्था करने में फेल है। यह सरकार की सुरक्षा के फेलियर का नतीजा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, अमित जय सवाल, सऊद अहमद, पीर मोहम्मद, फिरोज अहमद किछौछवी, सैयद सैफ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।