भीटी के रुदऊपुर के दहलवा मजरे में रविवार को शहीद बाबा की मजार की जा रही मरम्मत।
अंबेडकरनगर। जिले के रुदऊपुर गांव के दहलवा मजरे में शनिवार रात अराजक तत्वों द्वारा शहीद बाबा की मजार को क्षतिग्रस्त किए जाने से गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। दोनों समुदायों के बीच वार्ता के बाद क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत कराई गई है और अराजक तत्वों की तलाश जारी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
यह घटना रुदऊपुर के दहला में लगभग 40 वर्ष पूर्व स्थापित शहीद बाबा की मजार से जुड़ी है। इस मजार पर मुस्लिम और हिंदू समुदाय के लोग वर्षों से इबादत और पूजा-पाठ करते आ रहे हैं। शनिवार रात को अज्ञात अराजक तत्वों ने मजार को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। रविवार सुबह जब ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे दोनों समुदायों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। सूचना मिलते ही एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह, सीओ लक्ष्मीकांत मिश्रा, थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय और एसओ अहिरौली अभिषेक त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और आपसी सहमति से क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत का कार्य संपन्न कराया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गांव में पीएसी बल की तैनाती भी की गई है।
गांव में शांति व्यवस्था कायम है : एएसपी पश्चिमी
पश्चिमी क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अराजक तत्वों द्वारा मजार को नुकसान पहुंचाया गया था, जिसे दोनों पक्षों की सहमति से पुनः निर्मित करवा दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है और मजार को क्षतिग्रस्त करने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। प्रशासन इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने के मूड में है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।