.जिला अस्पताल के हड्डी रोग की ओपीडी में चिकित्सक को दिखाने का इंतजार करते रोगी।
अंबेडकरनगर। पिछले कुछ दिनों में 10 डिग्री सेल्सियस तक हुई तापमान में गिरावट ने मौसम को सर्द कर दिया है। इसी के साथ ही गठिया और हड्डी से संबंधित बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग (ऑर्थोपेडिक ओपीडी) में इन रोजाना 30 से 40 मरीज गठिया या जोड़ों के दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिनमें बुजुर्गों की संख्या सबसे अधिक है। इस मौसम में मांसपेशियों में जकड़न, पुरानी चोटों का दर्द और घुटनों में सूजन जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। सर्द हवा के कारण गठिया मरीजों की तकलीफ और बढ़ जाती है। मीरानपुर के अब्दुल ने बताया कि इस समय तेज दर्द और चलने-फिरने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कटेहरी के शिवबहादुर ने बताया कि जैसे-जैसे मौसम सर्द होता जाएगा, वैसे-वैसे गठिया की समस्या बढ़ती जाएगी। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि सर्द मौसम में गठिया रोगियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि जिन लोगों के भोजन में प्रोटीन और कैल्शियम की कमी होती है, उनमें गठिया की संभावना अधिक रहती है। डॉक्टर ने सलाह दी कि मरीज दवाओं के साथ सर्दी से बचाव करें, गर्म कपड़े पहनें और हल्का व्यायाम नियमित रूप से करें, जिससे दर्द और जकड़न से राहत मिल सके।