विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। अलीगंज क्षेत्र में एक ऑटो चालक ने 14 वर्षीय किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। किशोरी के गर्भवती होने के बाद मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अलीगंज का खलील पेशे से ऑटो ड्राइवर है। अक्सर किशोरी के घर आया-जाया करता था। वह बहला-फुसलाकर बालिका के साथ निरंतर दुष्कर्म करता रहा। मामला तब सामने आया, जब किशोरी की बुआ को उसके सात माह के गर्भावस्था की जानकारी हुई। परिजनों के विवाह का दबाव बनाए जाने पर आरोपी ने साफ इन्कार कर दिया और मारपीट पर उतर आया।
किशोरी के पिता मूक-बधिर और माता मानसिक रूप से कमजोर हैं, जिससे परिवार बेहद असहाय स्थिति में है। किशोरी की बुआ उसे लेकर थाने पहुंची और पूरी घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी खलील के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। अलीगंज थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। (संवाद)