विषाक्त खाने से किशोरी की मौत हो गई। घरवालों ने कहा कि युवक ने घर में घुसकर मारपीट और अपहरण की कोशिश की। आरोपी युवक बेटी को जबरन अपने साथ ले जाना चाहता था। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यूपी के अंबेडकरनगर में शुक्रवार की आधी रात विषाक्त पदार्थ खाने से किशोरी की मौत हो गई। घरवालों ने युवक पर घर में घुसकर मारपीट और बेटी का अपहरण करने की कोशिश का आरोप लगाया। कहा कि युवक बेटी से फोन पर बात करता था। उसे जबरन अपने साथ ले जाना चाहता था।
विज्ञापन
घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी महिला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री से शिवबाबा धाम में ठेला लगाने वाला युवक फोन पर बात करता था। वह बेटी को बहला फुसलाकर साथ ले जाने की फिराक में था। जानकारी होने पर बेटे ने ठेले पर जाकर युवक को समझाया था।
शुक्रवार शाम युवक अपनी मां, भाई व चार पांच अन्य लोगों के साथ महिला के घर पहुंच गया। बेटी का अपहरण करने का प्रयास किया। बेटे ने रोका तो घर में घुसकर मारपीट की। इस पर सूचना पुलिस को दी गई। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग निकले। देर रात करीब 1 बजे परेशान होकर बेटी ने विषाक्त पदार्थ खा लिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
उसकी तबीयत बिगड़ने पर जानकारी हुई तो परिजन उसे सीएचसी, कटेहरी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मानसिक प्रताड़ना से तंग होकर आत्महत्या करने की बात कही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।