सभी को संबोधित करते चंद्रशेखर आजाद।
कटेहरी (अंबेडकरनगर)। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण ने बुधवार को कटेहरी में सभा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को गरीबों के आंसू नहीं दिखते, उसके एजेंडे में पूंजीपति हैं। वह झूठे वायदे कर वोट तो ले लेती है लेकिन काम आरएसएस के एजेंडे पर ही करती है। सत्ता बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक सत्ता आपके हाथ नहीं होगी तब तक गरीबों व वंचितों का भला संभव नहीं है।
कटेहरी बाजार में पार्टी प्रत्याशी राजेश कुमार के लिए आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जाति जनगणना से कतरा रही है। वह जातीय आंकड़े छिपाना चाहती है। बिना जाति जनगणना के सबको संख्या के हिसाब से भागीदारी नहीं मिलेगी। कहा कि देश के प्रधानमंत्री चुनाव के समय झूठ बोलकर वोट तो ले लेते हैं लेकिन वायदे पूरे नहीं करते। किसी भी खाते में न तो 15-15 लाख आए और न ही हवाई चप्पल पहनने वाले को जहाज में बैठने का मौका मिल रहा। सिर्फ पूंजीपतियों का ही विकास हो रहा है।
चंद्रशेखर ने कहा कि चुनाव में पीएम एक बार भी महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व स्वास्थ्य पर चर्चा नहीं करते। हमें बांटने की कोशिश हो रही है। लगातार संविधान संशोधन कर अधिकार छीने जा रहे हैं। स्कूलों को बंद करने की तैयारी है, जिससे कमजोर वर्ग के लोगों को शिक्षा न मिल सके। अस्पतालों से लेकर अन्य जगहों पर शोषण का माहौल है। समाज में गैर बराबरी का जिक्र करते हुए कहा कि जाति, धर्म व आर्थिक आधार पर खाई खत्म होनी चाहिए। महापुरुषों द्वारा इसके लिए किए गए प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि हम इसे मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। सभा को धर्मवीर, जयसिंह राणा, आकिब अंसारी, व राजेश कुमार आदि ने भी संबोधित किया।