अकबरपुर। बीएन केबी पीजी कॉलेज अकबरपुर में सोमवार को अवध विश्वविद्यालय-महाविद्यालय शिक्षक संघ (ऑक्टा) के आह्वान पर शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। शिक्षकों ने जिला प्रशासन की ओर से कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शुचिता पांडेय व अन्य शिक्षकों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर की तत्काल वापसी की मांग की है।
वहीं एसडीएम अकबरपुर की प्राचार्य के साथ किए गए अमर्यादित व्यवहार की कड़ी निंदा की है। बताया कि यह आंदोलन 18 फरवरी तक चलेगा, जिसमें समस्त शिक्षक काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। आंदोलन के पहले दिन रणनीति तय करने के लिए जिला स्तरीय अनुदानित महाविद्यालय शिक्षक संघ की एक बैठक बीएन केबी पीजी कॉलेज में आयोजित की गई।
इस बैठक में बीएन केबी पीजी कॉलेज शिक्षक संघ, बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज शिक्षक संघ और टीएन पीजी कॉलेज टांडा शिक्षक संघ के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। बैठक में एफआईआर निरस्त करने शिक्षकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और उनके हितों की रक्षा के लिए विस्तृत चर्चा की गई। इसके अलावा आगे की रणनीति तैयार की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष अतुल मिश्र, जिला महामंत्री डॉ. अखिलेश त्रिपाठी व अन्य मौजूद रहे।