जहांगीरगंज। कंपोजिट विद्यालय जैती में छात्र को डांटने से नाराज परिजनों ने विद्यालय में घुसकर दो सहायक अध्यापकों की पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने स्कूल के अभिलेख भी फाड़ दिए। घटना में सहायक अध्यापक अरुण कुमार और नंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे विद्यालय में अफरातफरी मच गई।
सहायक अध्यापक अरुण कुमार के मुताबिक, शनिवार दोपहर विद्यालय में दो बच्चों के बीच कहासुनी हो गई थी। इस दौरान एक छात्र ने छात्रा को थप्पड़ मार दिया। इस पर उन्होंने छात्र को अनुशासन में रहने की हिदायत देते हुए फटकार लगाई। इससे नाराज छात्र स्कूल से घर चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपनी मां और अन्य लोगों के साथ विद्यालय पहुंच गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे दो बाइकों से चार लोग स्कूल पहुंचे और अरुण कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्हें बचाने पहुंचे सहायक अध्यापक नंदलाल को भी पीटा गया। इस दौरान स्कूल के अभिलेख भी फाड़ दिए गए।
सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। शिक्षक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। सीओ आलापुर जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।