केदारनगर। प्राथमिक सलाहुद्दीनपुर में आलमारी गिरने से हुई छात्रा की मौत मामले में प्रधानाध्यापक समेत चार शिक्षक जेल जाने से बच गए। शिक्षक संघ की पहल के बाद पीड़ित परिजनों ने मामले में लिखित सुलहनामा कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सुलहनामे की पुष्टि की है।
मंगलवार को टांडा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सलाहुद्दीनपुर में आलमारी गिर जाने से कक्षा दो की छात्रा पायल की मौत हो गई थी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने शिक्षकों को विद्यालय में ही बंधक बना लिया था। ग्रामीणों के हंगामे को देखते हुए डीएम राकेश कुमार मिश्र व एसपी आलोक प्रियदर्शी समेत कई अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा था। मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर इब्राहिमपुर थाने में प्रधानाध्यापक शिवचरन, सहायक अध्यापक शैलेष व रीता देवी व शिक्षामित्र कृष्णावती के विरुद्घ हत्या तथा साक्ष्य छिपाने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने आरोपी शिक्षकों को मौके से ही हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया था।
इसके बाद से ही उन्हें जेल भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इस बीच प्राथमिक शिक्षक संघ ने मामले में पहल की और पीड़ित परिजनों से लंबी बातचीत की। पांच लाख रुपए देने समेत विभिन्न बिंदुओं पर परिजवारीजनों ने लिखित समझौता कर लिया। इससे प्रधानाध्यापक समेत चारों शिक्षक जेल जाने से बच गए। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिवारीजनों के संतुष्ट होने व लिखित समझौते के बाद मामले का पटाक्षेप हो गया है।