अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई की जाए। किसी भी कीमत पर ओवरलोडिंग न हो पाए इसका अधिकारी ध्यान रखें। अधिकतर सड़क हादसे गलत दिशा में वाहन चलाने और तेज रफ्तार के कारण हाे रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाए। ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करें। बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाना जीवन के लिए घातक है। नियमों का उल्लंघन करने की वाहन चालकों को सीख दें।
ब्लैक स्पॉट पर करें सुधार, यातायात व्यवस्था बनाएं सुगम
उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से कहा कि वर्ष 2025 में सड़क हादसों में वर्ष 2024 की तुलना में 50 प्रतिशत की कमी का निर्धारित लक्ष्य किया गया है। जिला स्तरीय रोड सेफ्टी एक्शन प्लान को प्रभावी बनाकर लक्ष्य को हासिल किया जाए। इसके लिए ब्लैक स्पॉटों को चिह्नित कर वहां यातायात सुधार के कार्य कराए जाएं। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को जल्द चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस रिस्पांस टाइम को कम करने के निर्देश दिए। जिन मार्गों पर रोड सेफ्टी मानकों के अनुसार साइन बोर्ड नहीं लगे हैं वहां तत्काल साइन बोर्ड लगाए जाएं। पहली बार चालान के बाद ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन, दूसरी बार चालान होने पर डीएल के निरस्तीकरण और तीसरी बार चालान होने पर बीमा प्रीमियम धनराशि में वृद्धि तथा चौथी बार चालान की दशा में पंजीकरण निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। एआरटीओ सतेंद्र कुमार यादव, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग सौरभ सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।