अंबेडकरनगर। तमाम कोशिशों के बावजूद विभाग उपभोक्ताओं से बकाया बिल वसूल नहीं कर पा रहा। बिल जमा करवाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जांच के बाद विभागी कार्रवाई भी हो रही है। इसके बावजूद 50 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं पर 500 करोड़ रुपये बिजली बिल बकाया है।
जनपद में 41 उपकेंद्रों से चार लाख उपभोक्ताओं को बिजली मुहैया कराई जा रही है। इनमें डेढ़ लाख उपभोक्ता ही ऐसे हैं जो हर माह बिजली का बिल जमा करते हैं। अन्य उपभोक्ता कभी एक-दो माह से लेकर तीन माह पर बिजली का बिल जमा करते हैं। कुछ तो ऐसे हैं जो लंबे समय से नहीं जमा कर रहे हैं। ऐसे में इन उपभोक्ताओंं का बकाया बिजली विभाग पर बढ़ता जा रहा है। 500 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया इन उपभोक्ताओं पर है। बकाया बिल वसूल करने के लिए पावर कारपोरेशन ने 2024-25 वित्तीय वर्ष में 345 करोड़ की वसूली करने का लक्ष्य दिया है।
लक्ष्य पूरा करने के लिए इन दिनों गांव-गांव कैंप लगाए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को 34 गांवों में बिजली के कैंप लगाए गए। नवंबर माह में विभाग को 40 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य शासन से मिला है। इसके सापेक्ष अब तक करीब एक करोड़ रुपये की वसूली कैंप के माध्यम से हो चुकी है। अधीक्षण अभियंता गिरीश नरायण मिश्र ने बताया कि विभाग त्योहारों को देखते हुए अब तक कार्रवाई नहीं की जा रही थी, अब ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज कर दी गई।