अंबेडकरनगर के न्यू लाइट एकेडमी सिकंदरपुर में खुशी का इजहार करते मेधावी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। सीबीएसई परीक्षा के परिणाम में तनु यादव, सिद्धि श्रीवास्तव और शिवांग यादव ने जिले में बाजी मारी है। हाईस्कूल परीक्षा में सिद्धि और शिवांग ने सर्वाधिक 98.2 प्रतिशत अंक हासिल किए तो वहीं इंटरमीडिएट में जिला टॉप करने वाली तनु को 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होने के बाद मेधावियों ने जमकर खुशी का इजहार किया। मेधावी छात्र-छात्राएं धमाकेदार प्रदर्शन के बाद उछलते हुए दिखे। शिक्षकों से लेकर परिजनों ने परीक्षा में परचम लहराने वाले मेधावियों को उनकी सफलता पर बधाई दी और मुंह मीठा कराया।
कोरोना संक्रमण के चलते बीतेे वर्षों में परीक्षाएं प्रभावित होने के बाद गत दिनों सीबीएसई की भी परीक्षाएं विधिवत हुई थीं। छात्र-छात्राओं ने इसमें पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की थी। इसके बाद से ही परीक्षा परिणामों का इंतजार बेसब्री से हो रहा था। शुक्रवार को अंतत: इंतजार की घड़िया समाप्त हुईं। दोपहर से पहले इंटरमीडिएट तो उसके बाद हाईस्कूल के नतीजे घोषित हो गए। नतीजों ने मेधावियों के बीच खुशी का माहौल उत्पन्न कर दिया। धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को बधाई देने का तांता लग गया।
रेडिएंट इंटर कॉलेज की हाईस्कूल की छात्रा सिद्धि श्रीवास्तव व एसबीएस कॉलेज मठिया के शिवांग यादव संयुक्त रूप से जिलेे में पहले स्थान पर रहे। इसके बाद 97 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं की तादाद बड़े पैमाने पर रही। उधर, इंटरमीडिएट के नतीजे में रेडिएंट इंटर कॉलेज जलालपुर की तनु यादव ने 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया। इसके बाद 97 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं की लंबी फेहरिस्त रही।
हाईस्कूल में 96 प्रतिशत से लेकर 98 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 50 से अधिक रही, तो वहीं इंटरमीडिएट में 95 से लेकर 97 प्रतिशत तक अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 40 से ज्यादा रही। मेधावियों की सफलता के बाद अलग-अलग स्कूलों में शिक्षकों व गणमान्य नागरिकों ने सफलता का परचम लहराने वाले मेधावियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी, तो वहीं घरों में भी जश्न का माहौल रहा।