फोटो-15 अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय पर मिठाई दुकानदारों को जरूरी जानकारी देते खाद्य सुरक्षा अधिकार?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। दुकानों में मिठाई की ट्रे पर यदि उनके बनने व खराब होने की तिथि का टैग नहीं लगा मिला तो कार्रवाई होगी। यह चेतावनी सोमवार को जिला मुख्यालय के मिठाई विक्रेताओं के साथ हुई बैठक में खाद्य व औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने दी। इसमें कहा गया कि कुछ मिठाइयां एक दिन तो कुछ दो से चार दिन में खराब हो जाती हैं। कई मिठाइयां ऐसी हैं जो ज्यादा अवधि तक चलती हैं। ऐसे में सभी मिठाइयों पर अलग अलग टैग लगाकर ग्राहकों को यह जानकारी दी जाए कि उन्हें कब बनाया गया है और उसका प्रयोग कब तक किया जा सकता है। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि इसका पालन सुनिश्चित न हुआ तो कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि बीते दिनों शासन ने जिलाधिकारियों के माध्यम से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया था कि सभी ट्रे पर मिठाई के निर्माण व उसके खराब होने की तारीख का टैग लगाया जाए। ऐसा इसलिए जिससे उपभोक्ताओं को यह पता चल सके कि जो मिठाई वे ले रहे हैं, वह उनके खाने योग्य है भी या नहीं। आम लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए एक अक्तूबर से सभी मिठाई की ट्रे पर इस प्रकार का टैग लगाए जाने का निर्देश दिया गया था। शासन के तमाम निर्देशों के बावजूद जिले के ज्यादातर दुकानदारों द्वारा न तो ट्रे पर ऐसा टैग लगाया गया और न ही जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ऐसा टैग लगाए जाने को लेकर किसी भी प्रकार का अभियान चलाया जा सका।
इस बीच मिठाई की ट्रे पर टैग लगाए जाने की अनिवार्यता को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अध्यक्षता में मिठाई दुकानदारों की बैठक हुई। अभिहित अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव ने मिठाई दुकानदारों को शासन के दिशा निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि मिठाई की ट्रे पर उनके बनाने व खराब होने की तिथि का टैग लगाया जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई दुकानदार इसका पालन नहीं करेगा, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय ने बताया कि टैग लगाए जाने की अनिवार्यता को लेकर शीघ्र ही अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान यदि किसी दुकान पर ट्रे पर टैग नहीं लगा पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अखिलेश मौर्या, हंसराज प्रसाद, रवि चंदानी, बलवीर जायसवाल, दयानंद वर्मा, मुकेश कुमार मोदनवाल, दुर्गेश गुप्ता, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।