अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में पात्रों के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। अब तक 14,301 पात्रों का सर्वे पूरा करते हुए डेटा एप पर अपलोड किया जा चुका है। तीन ब्लॉकों की प्रगति अभी सुस्त होने के कारण संबंधित बीडीओ को इसमें तेजी लाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत अगले पांच वर्षों तक सभी पात्रों को पक्की छत मुहैया कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पात्रों के चयन के लिए 899 ग्राम पंचायतों में 303 सर्वेयर की तैनाती की गई है। इन सर्वेयरों ने अब तक 12255 पात्रों का चयन करते हुए एप पर डेटा फीड कर लिया है। वहीं, 2128 लोगों ने स्वयं ही एप के जरिए आवेदन किया है, जिनका विभाग की ओर से सत्यापन कराया जाएगा।
बसखारी, कटेहरी और जहांगीरजगंज ब्लॉकों सर्वे की रफ्तार अभी धीमी है। बसखारी में 1088, कटेहरी में 1429 एवं जहांगीरगज में 1440 ही पात्रों का चयन किया जा सका है। अन्य ब्लॉकों की प्रगति अब तक संतोषजनक है। 31 मार्च शत प्रतिशत पात्रों का सर्वे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद ग्राम समिति की बैठक में इनका सत्यापन कराया जाएगा।
वर्जन
कार्य में तेजी के निर्देश
सुस्त प्रगति वाले तीन ब्लॉकों के अलावा अन्य सभी को कार्य में तेजी लाते हुए 31 मार्च तक सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए गए गए हैं।
- अनिल कुमार सिंह, पीडी डीआरडीए