अंबेडकरनगर। होली का त्योहार सिर्फ पांच दिन बाद है। इसको देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। स्वास्थ्य सेवा वाले अफसरों को भी होली के दौरान छुट्टी नहीं दी जाएगी। होली के दिन ही दूसरा जुमा होने के चलते चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
अतिसंवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी। 1904 स्थानों पर होलिका दहन होगा व 21 जगह पर जुलूस निकाला जाएगा। अराजकता फैलाने वाले, होली के बहाने अश्लील हरकत और शांति में खलल डालने वालों पर न सिर्फ स्थानीय पुलिस नजर रखेगी बल्कि मंडल स्तर से भी इसकी निगरानी होगी। पुलिस ने नगर समेत ग्रामीणांचल के करीब एक हजार सीसीटीवी को पुलिस लाइन में लगे निगरानी सेंटर से जोड़ा है।
होली और जुमा एक दिन होने के कारण इस बार पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। गली-मुहल्लों में क्लस्टर और क्यूआरटी टीमें गश्त करेंगी। इसके साथ अकबरपुर, जलालपुर, टांडा, भीटी में चार ड्रोन हवाई निगरानी के लिए लगाए जाएंगे। जिले में 20 संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की पैनी निगाह रहेगी। इसके लिए एसपी ने पुलिस के साथ ही खूफिया पुलिस को अलर्ट कर दिया है।
ये होगी व्यवस्था
किसी भी विवादित स्थल व मस्जिद के सामने होलिका दहन की अनुमति नहीं मिलेगी। निर्धारित मानक से तेज ध्वनि में डीजे बजाने पर संचालक के खिलाफ होगी कार्रवाई। हुड़दंग करने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच करेंगे। कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। हादसों को रोकने के लिए पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी।
पांच हजार से अधिक लोग होंगे पाबंद
ऐसे लोग जो किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं और उनसे शांतिभंग की आशंका है। ऐसे पांच हजार से अधिक लोगों को चिह्नित कर उनको पाबंद किया जा रहा है।
-
थानावार होलिका दहन स्थल
अकबरपुर में 206, बेवाना में 45, सम्मनपुर में 107, बसखारी में 86, टांडा में 93, अलीगंज में 75, भीटी में 112, अहिरौली में 123, इब्राहिमपुर में 114, हंसवर में 81, जलालपुर में 85, जैतपुर में 80, मालीपुर में 72, कटका में 84, आलापुर में 103, जहांगीरगंज में 158, राजेसुल्तानपुर में 130 स्थानों पर होलिका दहन होगा।
वर्जन
होली और रमजान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे चप्पे पर पुलिस की तैनाती रहेगी। गली-मुहल्लों में क्यूआरटी गश्त करेगी। किसी भी प्रकार के नए कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हुड़दंग करने पर कड़ी कार्रवाई होगी। सभी को अलर्ट कर दिया गया है।
केशव कुमार, एसपी