अंबेडकरनगर। कोरोना संकट के बीच आर्थिक समस्या से जूझ रहे प्रवासी मजदूरों को सहायता दिलाए जाने, कृषि कानून व डीजल पेट्रोल के बढ़े दाम वापस लिए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जन अधिकार पार्टी, अपना दल व भासपा ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट के निकट धरना दिया। इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि देश की जनता परेशान है, लेकिन उनकी कोई सुध लेने वाला नहीं है।
अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन उनके विरुद्ध कार्रवाई करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। लाभ में चल रहे विभागों का भी निजीकरण करने में सरकार लगी हुई है। देश को एक बार फिर से गुलामी की तरफ ले जाया जा रहा है। ऐसा कतई होने नहीं दिया जाएगा। यदि शीघ्र ही मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
जन अधिकार पार्टी के जिला सलाहकार हरिगोपाल मौर्य ने कहा कि डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। आमजन परेशान है। इसके बावजूद उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। कृषि कानून के विरोध में जो भी आवाज बुलंद कर रहा है, उस पर केस दर्ज कराकर उसकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। अपना दल जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पटेल ने कहा कि कोरोना संकट के बीच प्रवासी मजदूरों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वे रोजगार के लिए भटक रहे हैं, लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में दिन प्रतिदिन अपराध बढ़ता जा रहा है। आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, लेकिन सरकार आल इज ओके बताकर अपनी पीठ थपथपा रही है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। बाद में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। इस मौके पर सुधीर, धर्मेंद्र, रवि, प्रमोद, शरद कुमार, कृपाशंकर, रामचरन राजभर, संदीप आदि मौजूद रहे।