फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: बेसिक के 520 और माध्यमिक के 32 स्कूलों में आज से शुरू होंगे समर कैंप

Tue, 20 May 2025 10:55 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में आज से ग्रीष्मकालीन शिविर आयोजित किए जाएंगे। ग्रीष्मावकाश के दौरान बच्चों के लिए नए अनुभव की खोज करना, नए दोस्त बनाना और खेल-खेल में कुछ करके सीखने का यह सही समय है। समर कैंप के दौरान बच्चे विद्यालय में होने वाली नियमित पढ़ाई से भिन्न रोचक गतिविधियों का आनंद लेंगे। इसके अलावा विभिन्न कौशलों का विकास कर सकते हैं।
विज्ञापन

बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से दो-दो कार्मिकों (शिक्षामित्र एवं अनुदेशक) को नियोजित कर समर कैंप के सुकशल आयोजन की पूर्ण व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। परिषदीय कंपोजिट व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यालय प्रबंध समिति खातों में दो हजार की राशि जारी कर दी गई है। इसके अलावा पीएमश्री स्कूलों को अलग से धनराशि जारी कर दी गई है।
बच्चों के समग्र विकास के लिए प्री-ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप) आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक कौशल का विकास करना है। बच्चों को गर्मी के अवकाश में सकारात्मक और रचनात्मक वातावरण प्रदान करने के लिए तीन सप्ताह की सुझावात्मक गतिविधियों की योजना बनाई गई है, जिसमें पहले सप्ताह में योग, सांस्कृतिक प्रदर्शन और डिजिटल कौशल, दूसरे सप्ताह में पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान प्रयोग और हस्तशिल्प और तीसरे सप्ताह में राष्ट्रीय एकता, जल संरक्षण और नाटक शामिल हैं। प्रत्येक गतिविधि बच्चों की आयु और रुचि के अनुसार डिजाइन की गई है ताकि सभी को समान अवसर मिले। समर कैंप प्रतिदिन सुबह सात से दस बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
विज्ञापन




इस दौरान योग, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियां, डिजिटल कौशल, पर्यावरण संरक्षण और विज्ञान आधारित प्रयोग जैसे रोचक कार्यक्रम शामिल होंगे। कैंप में बच्चों के लिए पूरक पोषण (जैसे गुड़ चना, बाजरे का लड्डू आदि) की व्यवस्था भी की जाएगी। कैंप के संचालन के लिए अनुदेशकों और शिक्षामित्रों को मानदेय दिया जाएगा। डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह व बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण करते हुए संबंधित की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें