टांडा। कोतवाली अन्तर्गत मीरानपुरा मोहल्ले में गुरुवार देर शाम एक युवक ने दुपट्टे द्वारा छत से लटककर आत्महत्या कर ली। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आत्महत्या के कारण की स्पष्ट जानकारी न तो पुलिस को हो सकी और न ही परिवारीजन बता सके।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम मोहल्ला निवासी मोहम्मद आलम एक कार्य से घर के ऊपरी भाग की तरफ गए, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। कमरे की छत में लगे पंखे से दुपट्टे के द्वारा उनका 22 वर्षीय पुत्र नफीस लटक रहा था। चीख पुकार पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में आसपास के नागरिक भी मौके पर एकत्र हो गए। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
इस बीच जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। परिवारीजनों के माध्यम से शव को नीचे उतारा और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जानकारी नहीं है। मामले में छानबीन की जा रही है।