जहांगीरगंज। थाना क्षेत्र के टड़वा फरीदपुर निवासी महिला ने कमरा बंदकर खुद को आग के हवाले कर दिया। जब तक घरवाले दरवाजा तोड़कर आग बुझाते तब तक उसकी झुलसकर मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, महिला ने आत्महत्या क्यों की, इसकी वजह पता नहीं चल पाई है। मायके पक्ष की तरफ से कोई तहरीर भी नहीं मिली है।
परिवारीजनों के अनुसार, गांव निवासी किरन (30) पत्नी विजय बहादुर यादव ने शुक्रवार सुबह घर के कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। वहां रखा केरोसिन अपने ऊपर छिड़क कर आग लगा ली। घटना के समय परिवार के ज्यादातर सदस्य खेत में काम करने गए थे। घर में एक वृद्ध महिला मौजूद थी। चीख-पुकार सुनकर जब उन्होंने कमरे की खिड़की से अंदर झांका तो वह सन्न रह गई। किरन आग की लपटों से घिरी हुई थी और जोर-जोर चिल्ला रही थी।
वृद्धा गुहार लगाते मचाते हुए घर के बाहर भागी। खेत में काम कर रहे परिवार के सदस्य व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बंद दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे और आग बुझाई, लेकिन तब तक बुरी तरह झुलसकर उसकी मौत हो चुकी थी। इस बीच सूचना पर एसओ पीएन तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि महिला ने आत्महत्या क्यों की, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। छानबीन की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।