अंबेडकरनगर। महाराजा सुहेलदेव राजभर का विजय दिवस गुरुवार को जिले में उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य आयोजन कलेक्ट्रेट के निकट हुआ। कोरोना प्रोटोकॉल के बीच अखिल भारतीय राजभर संगठन, बामसेफ संगठन व राजभर वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने उनके जीवन पर विस्तार से चर्चा की और आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
अध्यक्षता कर रहे सियाराम राजभर ने कहा कि महाराज सुहेलदेव ने सदैव दबे कुचले लोगों के उत्थान में अपना पूरा जीवन व्यतीत कर दिया। उनका कहना था कि किसी भी समाज का उत्थान तभी हो सकता है, जब शत प्रतिशत साक्षरता हो। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि उनके बताए आदर्शों पर चलकर समाज व देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत सुहेलदेव के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। अलग अलग संगठनों के पदाधिकारियों ने इस दौरान युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे सुहेलदेव के आदर्शों पर चलकर समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दें। इस दौरान जितेंद्र, ओपी निगम, लालमणि पटेल, प्रेमप्रकाश, राजकुमार, दयाराम, दीपक, आदित्य, फूलचंद्र, मनोज, ज्ञानप्रकाश आदि मौजूद रहे। उधर, टांडा विधायक संजू देवी के आवास पर कार्यक्रम का आयोजन कर महाराजा सुहेलदेव के जीवन पर चर्चा हुई।
भाजपा नेता रामसूरत मौर्य ने कहा कि आज हम सब जिस परिवेश में जीवन यापन कर रहे हैं, उस परिवेश को बचाने में महाराजा सुुहेलदेव का बहुत बड़ा योगदान रहा। टांडा विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव के आदर्शों पर चलकर देश व धर्म विरोधी ताकतों से लड़ने की जरूरत है। देश के लिए सभी को एक दिशा में चलना होगा। जिससे देश तोड़ने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके। उन्होंने जीवन भर हिंदुत्व की रक्षा के लिए संघर्ष किया। इससे पहले महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर माल्यार्पण कर मिठाई बांटी गई। मौके पर मैकू पांडेय, आलोक चौरसिया, राकेश सोनकर व जंग बहादुर कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।