जलालपुर। जलालपुर तहसील क्षेत्र के रफीगंज पलिया गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना तौल समय से न होने से किसान परेशान हैं। पिछले पांच दिनों से किसान ट्रॉली लेकर केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तौल न होने से उन्हें खुले आसमान के नीचे सर्द रातें गुजारनी पड़ रही हैं।
किसानों ने बताया कि केंद्र पर मौजूद अधिकारी कह रहे हैं कि चीनी मिल से ट्रक नहीं आ रहा है, जिसके चलते गन्ने की तौल नहीं की जा रही। इस कारण करीब 50 ट्रॉली केंद्र पर जमा हो चुकी हैं। कई किसान घर से ही फोन कर स्थिति जानने को मजबूर हैं। चितई पट्टी निवासी रामकलिंदर ने बताया कि वह एक ट्रॉली गन्ना लेकर आया हूं। पांच दिनों से केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तौल नहीं हो पा रही। अधिकारी सिर्फ ट्रक न आने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
किसान श्याम बहादुर ने बताया कि दो ट्रॉली गन्ना की पांच दिन से तौल नहीं हो पाई है। ठंड में पूरी रात केंद्र पर रहना पड़ रहा है। ऐसी अव्यवस्था से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। किसानों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर व्यवस्था दुरुस्त करने और गन्ना तौल शीघ्र शुरू कराने की मांग की है, ताकि उन्हें और अधिक परेशानी न झेलनी पड़े।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि चीनी मिल में किसानों की भीड़ होने के कारण उठान नहीं हो पा रही थी। समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं।