रिश के साथ आई आंधी से जनपद में काफी नुकसान हुआ। 24 घंटे में दो बार तेज आंधी के चलते गन्ने की फसल को तगड़ी चोट पहुंची है। कई क्षेत्रों में फसल खेत में पूरी तरह धराशायी हो गई। आंधी-पानी से कई जगहों पर मकान, छप्पर, टिनशेड आदि गिर गए। सम्मनपुर क्षेत्र में कच्ची दीवार ढहने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जनपद में शनिवार रात गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। रात 11 बजे जिले के कछ क्षेत्रों में बारिश के साथ आंधी चलने लगी। बारिश ने धान की फसल को जहां संजीवनी दी वहीं आंधी से गन्ने की फसल को व्यापक नुकसान हुआ। कई जगह खेतों में गन्ने की फसल धराशायी हो गई। अकबरपुर नगर से सटे सिझौलिया गांव के विनोद वर्मा के मुताबिक खेत में लहलहा रही गन्ने की फसल आंधी के चलते धराशायी हो गई।
इसके अलावा भीटी, आलापुर, जलालपुर व टाडा क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर आंधी से गन्ना किसानों को तगड़ी चपत लगी। उधर तेज हवा के साथ हुई बारिश के बीच कई जगह मकानों को नुकसान हुआ। दुकानों के शेड उड़ गए। रविवार दोपहर तेज हवा व बारिश के बीच सम्मनपुर के ग्राम सिकरोहर निवासी शशिकला (50) पशुशाला में मवेशी बांध रही थी।
उसी दौरान कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई जिसके मलबे में दबकर शशिकला घायल हो गई। गुहार पर पहुंचे परिवारीजनों मलबा हटाकर निकाला। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।