अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल परिसर में संचालित एमसीडी क्लीनिक की सेवाएं पटरी से उतर चुकी। जांच कराने आने वाले मरीजों की बीपी की जांच तो हो जा रही है, लेकिन शुगर की जांच बीते 15 दिनों से बंद है। ऐसे में मरीजों को मजबूरी में बाहर जांच करानी पड़ रही है। इससे न केवल समय खराब होता है बल्कि पैसा भी अधिक खर्च होता है। इस समस्या का समाधान कब तक हो पाएगा, अस्पताल प्रशासन के पास इसका कोई जवाब नहीं है।
जिला चिकित्सालय में हर रोज एक हजार से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए आते हैं। इसमें से 400 के आसपास मरीजों डॉक्टर की खून की जांच के लिए लिखते हैं। इसमें एमसीडी क्लीनिक में 100 से 150 तक मरीज जांच के लिए आते हैं, लेकिन इन दिनों इस क्लीनिक की हालत बेहद खराब है। 15 दिनों से यहां पर शुगर की जांच करने वाली स्ट्रिप खत्म हो गई। इसकी वजह से काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसी ही स्थिति एक माह पहले भी थी जब जांच नहीं हो पा रही थी, जिसकी खबरें प्रकाशित होने के बाद लगभग एक हजार स्ट्रिप आई थी। इधर 15 दिनों से एक बार फिर स्ट्रिप के खत्म होने के कारण जांच प्रभावित हो रही है। गौरतलब है कि एमसीडी क्लीनिक का संचालन सीएमओ के यहां से किया जाता है, जिसमें कई तरीके की जांच की जाती है, जो इस समय बंद हैं। वहीं, जिला अस्पताल की पैथॉलाजी में जांचें हो रही है। एमसीडी क्लीनिक में जांच कराने आने वाले लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
जल्द शुरू होगी जांच
एमसीडी क्लीनिक में स्ट्रिप खत्म होने की जानकारी हुई है। इसकी वजह से शुगर की जांच प्रभावित हो रही है। आर्डर हो गया है, जल्द ही स्ट्रिप आ जाएगी। इससे लोगों को जांच की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
डॉ. संजय कुमार शैवाल, सीएमओ