उनकी जीत तय करने के लिए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पहले से ही जिले में लामबंदी शुरू कर रखी है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद श्री सिंह ने कहा कि जनता को विकास चाहिए। इसलिए जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें अधिकतर जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन मिल रहा है।
मालूम हो कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन सपा व बसपा खेमे ने पहले से ही ताल ठोंक रखी है। बहुजन समाज पार्टी ने मौजूदा अध्यक्ष शोभावती वर्मा को फिर से अपना प्रत्याशी बनाया है तो वहीं समाजवादी पार्टी से सुधीर सिंह मिंटू के नाम की चर्चा पहले से ही चली आ रही थी।
इस बीच भीटी प्रथम से चुने गए जिला पंचायत सदस्य सुधीर सिंह मिंटू को समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में अपना अधिकृ़त प्रत्याशी घोषित किया है। युवा श्री सिंह ने हालांकि इससे पहले कोई चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन उनके बड़े भाई अनिल सिंह दो बार भीटी ब्लाक के प्रमुख रह चुके हैं।
पिता अंबिका सिंह भी भीटी के दो बार प्रमुख चुने गए थे। उनके चाचा मलखान सिंह गिनती जिले के समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के रूप में होती है। सोमवार को अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा होने के बाद श्री सिंह ने पार्टी का इसके लिए आभार जताया और कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के सहयोग के बल पर ही पार्टी को लक्ष्य की प्राप्ति होगी।