अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली अंतर्गत सकरावल मोहल्ले में मंगलवार देर शाम अचानक चार घरों का एक भाग धंस गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। एक तरफ का भाग धंसने से दीवारों में दरारें उत्पन्न हो गईं। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बाद में घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम सकरावल मोहल्ले में उस समय अफरातफरी मच गई, जब चार घरों का एक तरफ का भाग अचानक धंस गया। बताते चलें कि बीते तीन दिनों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि बारिश के चलते ही ऐसा हुआ। बताया जाता है कि मंगलवार शाम जब बारिश हो रही थी, तो इसी बीच मोहल्ला निवासी मुनीर आलम, शकील आलम, अनीस अहमद व मोहम्मद असलम के घर के एक तरफ का भाग धंस गया। इससे दीवारों में दरारें उत्पन्न हो गईं। घटना से इस दौरान मौके पर हड़कंप मच गया। संबंधित घरों के सदस्य गुहार मचाते हुए घर के बाहर निकल आए।
इस बीच आसपास के नागरिक भी मौके पर एकत्र हो गए। यह संयोग ही रहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बाद में पीड़ितों ने मामले की जानकारी एसडीएम टांडा को देते हुए शिकायती पत्र सौंपा। इसमें कहा गया कि इससे पहले भी इस प्रकार की घटना एक बार हो चुकी है। ऐसा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से हो रहा है। उधर एसडीएम अभिषेक पाठक ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराई जाएगी।