अंबेडकरनगर। बेटियों की सफलता समाज में बदलाव का संकेत करती दिखती हैं। जिले की कई बेटियां अपनी प्रतिभा के बूते सफलता के नए-नए आयाम स्थापित कर रही हैं। अलग अलग क्षेत्रों में युवतियों व महिलाओं की सफलता न सिर्फ अन्य महिलाओं व युवतियों के लिए प्रेरणादायक बन रही है, वरन समाज में सकारात्मक बदलाव का मार्ग भी प्रशस्त कर रही। इन बेटियों को देखकर समाज में अन्य बेटियों में भी कुछ नया कर गुजरने का जुनून देखने को मिल रहा है। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर अमर उजाला ने ऐसी कई महिलाओं व युवतियों से बात की, जो समाज के लिए नई अलख जगा रही हैं।
स्कूल गेम में कठिन परिश्रम के बाद पहले जिलास्तर फिर मंडल और बाद में राज्य स्तर पर चुनी गईं अकबरपुर नगर के शास्त्रीनगर मोहल्ला निवासी काम्या सिंह ने झांसी में हुए राज्यस्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया था। उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने लखनऊ के गोविंदसिंह स्पोर्टा्स हॉस्टल में होने वाली दौड़ प्रतियोगिता में काम्या का चयन कर उन्हें भागीदारी के लिए भेजा था। काम्या ने 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया था। इसके अलावा कई अन्य राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में भी काम्या ने भागीदारी कर बेहतर प्रदर्शन किया। काम्या कहती हैं कि युवतियों को खेल के क्षेत्र में भी कदम बढ़ाने चाहिए।
जिले के मछलीेगांव निवासी हसीन जहरा ने आईएएस बनने की सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इससे पहले हसीन जहरा ने आईपीएस व आईआरटीएस बनने की सफलता हासिल की थी। उनका लक्ष्य आईएएस बनने का था। ऐसे में उन्होंने आईएएस बनने के लिए पूरी मजबूती से तैयारी शुरू की। दृढ़ इच्छाशक्ति का ही नतीजा रहा कि हसीन को आखिरकार आईएएस बनने की सफलता हासिल हो ही गई। हसीन जहरा ने कहा कि यदि लक्ष्य का निर्धारण कर दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ें, तो सफलता स्वयं कदम को चूमेगी। कहा कि उनका लक्ष्य आईएएस बन समाज व देश की सेवा करना है।
अकबरपुर नगर निवासिनी तान्या टंडन ने अपनी प्रतिभा के बूते गणित व कंप्यूटर की इंटरनेशनल परीक्षा में बीते दिनों दूसरा स्थान हासिल किया। इसके लिए उसे भारतीय करेंसी के अनुरूप लगभग 11 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। अकबरपुर नगर निवासी व्यापारी पिता प्रवीण टंडन की बेटी तान्या ने अमेरिका के नार्थ वेस्टन यूनिवर्सिटी से साइंस इन एनांसिस्ट विषय से मास्टर डिग्री हासिल की है। बीते दिसंबर माह में वहां ह्यूमन एंड मेज के तत्वावधान में आयोजित गणित व कंप्यूटर विषय की प्रतियोगी परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल किया था। तान्या के चाचा अमित ने कहा कि शुरू से ही मेधावी तान्या की सफलता से सबको गर्व का एहसास है। उसकी यह सफलता बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। तान्या की सफलता के बाद उसे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मिलकर बधाई भी दी थी।