फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रों ने जाम किया मार्ग

Wed, 16 Dec 2015 10:31 PM IST
अंबेडकरनगर/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
शिक्षण शुल्क व ऑनलाइन फॉर्म भराने के नाम पर महाविद्यालय प्रशासन द्वारा की अवैध वसूली से नाराज सिंगारी देवी स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर के छात्र-छात्राओं ने बुधवार पूर्वाह्न बसखारी जहांगीरगंज मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
विज्ञापन


महाविद्यालय प्रशासन व छात्र-छात्राओं के बीच बुधवार को पूरे दिन नोंकझोंक होती रही, जिसके चलते छात्र-छात्राओं ने दो बार जाम लगाया। आक्रोशित छात्र अवैध वसूली बंद करने और छात्रों से अधिक वसूली गई धनराशि को वापस करने की मांग कर रहे थे।

उनका कहना था कि अवैध वसूली का खेल लंबे समय से चल रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मौके पर पहुंचे सीओ आलापुर ने छात्र-छात्राओं को समझाकर मामला शांत कराया।
विज्ञापन


महाविद्यालय परिसर में बुधवार पूर्वाह्न एकत्र हुए छात्र-छात्राएं कॉलेज प्रशासन पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए गेट पर आ गए। वे कॉलेज से बाहर निकले और जहांगीरगंज बसखारी मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कहा गया कि शिक्षण शुल्क व फार्म ऑनलाइन कराने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है।

छात्र अरविंद कुमार व राकेश यादव ने कहा कि परीक्षा शुल्क के नाम पर 3500 रुपये तथा फॉर्म ऑनलाइन भराने के नाम पर 200 रुपये वसूली की जा रही है। इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कॉलेज के एक प्राध्यापक ने छात्र-छात्राओं से वार्ता की और जाम समाप्त कराकर उन्हें महाविद्यालय परिसर ले आए। आरोप है कि महाविद्यालय प्रशासन ने इस दौरान छात्र-छात्राओं का पहचान पत्र जमा करा लिया और परीक्षा में खामियाजा भुगतने की चेतावनी दी।

इससे आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर महाविद्यालय के सामने बसखारी जहांगीरगंज मुख्य मार्ग जाम कर दिया। छात्र विवेक, राजन व अखिलेश ने कहा कि अब आरपार का संघर्ष किया जाएगा। छात्र-छात्राओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे।

अवैध वसूली पर अंकुश लगाने, पहचान पत्र वापस कराने एवं जिन छात्र-छात्राओं से अवैध वसूली की गई है, उन्हें धनराशि वापस कराने की मांग की। चेतावनी दी कि जब तक मांगों का निस्तारण नहीं होता, तब तक प्रदर्शन व जाम जारी रहेगा।

इस बीच जाम की सूचना मिलने पर आलापुर थाने के कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे और छात्र-छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। बाद में सीओ राजेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं से वार्ता कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त हो सका। छात्रों ने सीओ को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का निस्तारण नहीं हुआ, तो पुन: धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर अरविंद, राकेश, विवेक, राजन, अखिलेश, सचिन, इश्तियाक, मनीषा,
विज्ञापन

रेहाना, अर्चना, ज्योति, राधा, ज्योत्सना आदि मौजूद रहे।
इस मामले में महाविद्यालय प्राचार्य ने अवैध वसूली के आरोपों को मनगढ़ंत बताया।
कहा कि कोई भी शुल्क अवैध ढंग से नहीं लिया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें