अंबेडकरनगर। कंटेनमेंट जोन घोषित इंद्रलोक व कृष्णानगर कॉलोनी का गुरुवार को एसडीएम सदर मोईनुल इस्लाम व सीओ अशोक कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान बांस बल्ली तो लगी मिली, लेकिन रस्सी को तोड़ दिया गया था। कोरोना संक्रमित के घर पर कोविड की नोटिस भी नहीं चस्पा की गई थी।
कंटेनमेंट जोन घोषित होने के बावजूद नागरिक लगातार आवागमन कर रहे थे। इस पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदारों को कड़े निर्देश दिए। कहा कि कंटेनमेंट जोन के लिए जो गाइडलाइन जारी की गई है, उसका सख्ती से पालन कराएं। इसमें यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अकबरपुर नगर की इंद्रलोक कॉलोनी व कृष्णानगर कॉलोनी में बीते दिनों कोरोना संक्रमित सामने आए थे। इस पर इन दोनों कॉलोनियों के संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के साथ ही बांस बल्ली लगाकर आवागमन रोक दिया गया था। इस बीच गुरुवार को हालात का जायजा लेने के लिए एसडीएम मोईनुल इस्लाम व सीओ सदर अशोक कुमार सिंह ने टीम के साथ घोषित दोनों कंटेनमेंट जोन का जायजा लिया। संबंधित क्षेत्र में बांस बल्ली उखड़ी हुई थी। रस्सी को भी तोड़ दिया गया था। लोग सुचारु रूप से आवागमन कर रहे थे।
इतना ही नहीं, कोरोना संक्रमितों के घर के बाहर कोविड की नोटिस भी नहीं चस्पा थी। इस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिम्मेदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि अविलंब न सिर्फ संबंधित के घर के बाहर कोविड की नोटिस चस्पा की जाए, बल्कि बांस बल्ली लगातार आवागमन को पूरी तरह ठप किया जाए। अधिकारियों ने बाद में संबंधित परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। आश्वस्त किया कि उन्हें सभी जरूरी दवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध होती रहेंगी।