बसखारी। माफिया खान मुबारक के गुर्गे की ओर से व्यवसायी से फोन पर 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने और तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर पुलिस ने माफिया व गुर्गे के विरुद्ध रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गुर्गे को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
हंसवर थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव निवासी सराफा व्यवसायी दुर्गाप्रसाद सोनी की भूलेपुर में ज्वैलरी की दुकान है। आरोप के मुताबिक बीती 25 मई को सुबह दुर्गा प्रसाद सोनी के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन उठाते ही कॉलर ने अपना नाम मोहम्मद तारिक निवासी भूलेपुर बताया। इसके बाद वह माफिया खान मुबारक का नाम लेकर 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग करने लगा। व्यवसायी ने पैसा देने में असमर्थता जताई तो उसे जान से मारने की धमकी दी।
डरे सहमे व्यवसायी ने शाम तक पैसे का इंतजाम करने के लिए कहा तो मिलने की बात कहकर कॉलर ने फोन काट दिया। शाम को व्यवसायी अपनी दुकान पर पहुंचा तो वहां पर पहले से ही मोहम्मद तारिक मौजूद था। आरोपी तमंचा दिखाते हुए पैसे की मांग करने लगा। शोर मचाने पर मोहम्मद तारिक मौके से भाग गया। इसके बाद पीड़ित व्यवसायी ने तारिक और माफिया खान मुबारक के खिलाफ नामजद प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा पंजीकृत करवाया।
हंसवर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल के साथ गुरुवार को भूलेपुर से आरोपी मोहम्मद तारिक को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान तारिक ने माफिया खान मुबारक के कहने पर रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।