अंबेडकरनगर। अकबरपुर रोडवेज डिपो में शुक्रवार सुबह टप्पेबाजी हो गई। महिला यात्री की सूझबूझ से दो आरोपी पकड़े गए, जबकि उनके दो साथी बैग लेकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने हिरासत में लिए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
अयोध्या जिले के गोसाईगंज से एक महिला रोडवेज बस में आजमगढ़ जाने के लिए सवार हुई थी। महिला के पीछे अलग-अलग सीटों पर बैठे चार व्यक्ति उससे बातचीत कर रहे थे। जब बस अकबरपुर पहुंची, तो उनमें से दो व्यक्ति महिला को बातों में उलझाकर उसका बैग लेकर बस से उतर गए। जैसे ही महिला ने अपना बैग गायब देखा, उसने तुरंत शोर मचा दिया। महिला और बस में सवार अन्य यात्रियों ने मिलकर बस में बैठे दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके साथी बसखारी की ओर भागे हैं। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने घटना को टप्पेबाजी का मामला मानने से इन्कार किया है, लेकिन यह स्वीकार किया है कि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।