जलालपुर। चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए रविवार को जलालपुर तहसील प्रशासन ने नगर के दो व्यापारियों के गोदामों का निरीक्षण किया।
एसडीएम मधुमिता सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से व्यापारियों में खलबली मची रही। हालांकि प्रशासन का कहना है कि स्टॉक में कुछ नहीं मिला है, लेकिन गड़बड़ी की चर्चाएं रहीं। एसडीएम ने बताया कि दोनों व्यापारियों के यहां टीम ने चीनी के भंडारण और खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने टीम के समक्ष बिल और जीएसटी से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किया। तहसील प्रशासन ने सभी व्यापारियों को जीएसटी बिल के साथ संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए कालाबाजारी की रोकथाम के लिए जांच और छापेमारी की जा रही है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।