अंबेडकरनगर। राजकीय एकलव्य खेल स्टेडियम में आगामी 14 मार्च से तीन दिवसीय राज्यस्तरीय आमंत्रण सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। खेल निदेशालय ने इस महत्वपूर्ण आयोजन को अपनी हरी झंडी दी है। प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू करते हुए गुरुवार को प्रतियोगिता से जुड़ी विभिन्न कमेटियों का गठन हुआ।
अंबेडकरनगर जिले को महत्वपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में एक और उपलब्धि हाथ लगी है। खेल निदेशालय ने अब जिले में राज्यस्तरीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता कराने को अपनी अनुमति प्रदान की है। जिला ओलंपिक संघ व जिला हैंडबॉल के सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने गुरुवार को यहां जानकारी देते हुए बताया कि राज्य हैंडबॉल के सचिव आनन्देश्वर पांडेय के निर्देश के अनुरूप उनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का कुशल आयोजन किया जाएगा। बताया कि प्रतियोगिता तीन दिवसीय होगी।
इसमें मंडलस्तरीय टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में विभिन्न मंडलों की महिला खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगी। यह प्रतियोगिता जिले के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगी। क्योंकि इससे न सिर्फ हैंडबॉल वरन अन्य खेलों के लिए भी सकारात्मक माहौल तैयार होगा।
इस बीच राजकीय खेल स्टेडियम में गुरुवार को जिला खेल अधिकारी नीरज मिश्र की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई। इसमें ज्युरी आफ अपील कमेटी, उद्घाटन एवं समापन कमेटी, यातायात कमेटी, मेडिकल, आवास, पुरस्कार वितरण, मीडिया, भोजन तथा ग्राउंड व्यवस्था कमेटी का गठन गुरुवार को कर लिया गया।
तैराकी संघ जिला सचिव मृत्युंजय सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता बतौर दर्शक तय कराई जाएगी तथा आम लोगों की भी भागीदारी सुनिश्चित होगी। बैठक में एथलेटिक संघ जिला सचिव सुधीर चतुर्वेदी, वॉलीबॉल संघ सचिव अखंड प्रताप सिंह, अध्यक्ष अनिल सिंह, खिलाड़ी निखिल पटेल, मनीष यादव एवं वीरेंद्र निषाद आदि मौजूद रहे।