तेज रफ्तार ट्रक ने गुरुवार दोपहर साइकिल सवार एक अधेड़ को रौंद दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने अकबरपुर-टांडा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और हंगामा किया। बाद में कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। घटना के बाद भाग रहे ट्रक को चालक समेत कश्मीरिया में पकड़ लिया गया। पुलिस ने चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र टांडा के सुलेमपुर निवासी रामसरन विश्वकर्मा (50) की इनामीपुर बाजार के निकट दुकान है। वह इन दिनों वहीं पर परिवार के साथ रह रहा था। गुरुवार दोपहर तीन बजे वह साइकिल से जैसे ही अकबरपुर-टांडा मुख्य मार्ग पर पहुंचा कि तभी अकबरपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर तेजी से भाग निकला। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कश्मीरिया के पस उसे पकड़ लिया। चालक को तत्काल थाने ले जाया गया। उधर, मौके पर ही ग्रामीण की मौत होने से आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी तादाद में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
ग्रामीण वहां हंगामा करने लगे। इसी बीच टांडा कोतवाली प्रभारी मनोज पंत मौके पर पहुंचे। अलीगंज व मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस टीम भी वहां आ गई। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर हंगामा समाप्त कराया। उन्हें बताया गया कि ट्रक को बरामद कर लिया गया है। मामले में कड़ी कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस के इस भरोसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ।
इसके बाद टांडा कोतवाली पुलिस ने आनन-फानन में शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। चालक के विरुद्ध आवश्यक धाराओं में टांडा कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया। घटना से रामसरन के परिवारीजनों में कोहराम मच गया। टांडा प्रभारी कोतवाल मनोज पंत ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।