फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: स्पा सेंटर सील, संचालक पर हत्या का आरोप

विज्ञापन
अजय निषाद (फाइल फोटो)
विज्ञापन
आलापुर (अंबेडकरनगर)। रामनगर बाजार स्थित एक स्पा सेंटर में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में अजय निषाद (24) की मौत के मामले में परिजनों ने सेंटर संचालक और मैनेजर पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने स्पा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और एंट्री रजिस्टर कब्जे में ले लिया है। इसके बाद सेंटर को सील कर दिया गया। शनिवार को वीडियोग्राफी के बीच डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।
विज्ञापन

बहरामपुर निषाद बस्ती निवासी सुनील निषाद के अनुसार, उनका छोटा भाई अजय शुक्रवार को देवोत्थानी एकादशी पर उनके साथ रामनगर बाजार में गन्ना बेचने गया था। गन्ना बेचने के बाद सुनील ने अजय से घर चलने को कहा, लेकिन उसने कुछ देर बाद आने की बात कही। इसके बाद सुनील घर लौट गए। रात करीब नौ बजे भोजन के दौरान उन्होंने अजय के मोबाइल पर फोन किया। फोन पुलिसकर्मियों ने उठाया और बताया कि अजय बेसुध अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर में भर्ती है। परिजन वहां पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी।
अजय के स्पा सेंटर में मसाज कराने की जानकारी मिलने के बाद सुनील ने संचालक और मैनेजर पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मैनेजर प्रवीण गौड़ (32), निवासी गोठौली, थाना बांसडीह रोड, जिला बलिया को हिरासत में लिया है। स्पा सेंटर का संचालक आजमगढ़ जिले का बताया जा रहा है।
विज्ञापन

स्पा सेंटर पर 3700 रुपये का भुगतान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अजय ने स्पा सेंटर पर क्यूआर कोड के जरिये तीन बार में कुल 3700 रुपये का भुगतान किया था। इसमें पहली बार 2500, दूसरी बार 1000 और तीसरी बार 200 रुपये दिए गए। इसके अलावा एक ताड़ी की दुकान पर भी 50 हजार रुपये के भुगतान की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिवार में पसरा मातम
अजय चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है। भाई सुनील, बृजेश और प्रदीप को छोटे भाई की मौत पर विश्वास नहीं हो रहा है। मां उर्मिला देवी बेटे का शव देखकर चीख पड़ीं और रोते-रोते बेसुध हो गईं। पिता गजाधर भी जवान बेटे की मौत से बदहवास हैं। मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल, प्रदेश प्रकोष्ठ के सह संयोजक डॉ. मिथलेश त्रिपाठी और जिला मंत्री अभिषेक निषाद ने भी पहुंचकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

अजय निषाद (फाइल फोटो)

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें