अंबेडकरनगर। जिले में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विभाग ने पहल तेज कर दी है। लंबे समय से अपने भवन की प्रतीक्षा कर रहे तीन आयुर्वेद अस्पतालों को जल्द ही स्थायी ठिकाना मिलने की उम्मीद जगी है। इसके लिए आयुर्वेद विभाग ने भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
जिले में वर्तमान में 23 आयुर्वेदिक और एक यूनानी अस्पताल संचालित हैं। इनमें अधिकांश अस्पताल सरकारी भवनों या किराये के कमरों में चल रहे हैं। अपना भवन नहीं होने से चिकित्सकों और मरीजों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सीमित जगह और संसाधनों के बीच मरीजों का उपचार करना पड़ता है। ऐसे में अस्पतालों को अपना भवन मिलने से व्यवस्थाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
विभाग की ओर से भीटी के रनिवा आश्रम, नगहरा और बेनीपुर में संचालित आयुर्वेद अस्पतालों के भवन निर्माण के लिए आयुष विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रत्येक भवन के निर्माण पर करीब 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। नए भवनों में मरीजों के बैठने, चिकित्सकों के परामर्श और दवाओं के रखरखाव के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी उपचार कराने में सहूलियत मिलेगी।
शासन की मंजूरी का इंतजार
विभागीय स्तर से प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अब शासन की स्वीकृति का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही भवन निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे तीनों अस्पतालों को अपना भवन मिलने के साथ ही जिले में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। - डॉ. रणजीत कुमार, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी