अंबेडकरनगर में एसपी से एक साथ मिलने पहुंचे जिले के नवनिर्वाचित सभी पांच विधायक
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले के सभी पांच सपा विधायकों ने बुुधवार को एक साथ एसपी से मुलाकात की। अलग अलग क्षेत्रों से पहुंचे कई पीड़ितों को साथ लेकर एसपी से मिले विधायकों ने कहा कि सभी के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाए। किसी भी तरह का अन्याय किसी पक्ष के साथ स्वीकार्य नहीं होगा। विधायकों ने कहा कि हम सब प्रत्येक पीड़ित की आवाज बनेंगे। किसी भी स्तर पर उनके साथ न्याय न हुआ तो वहां हम सब खड़े दिखेंगे।
सभी पांच सीट पर क्लीन स्वीप करने के बाद जिले के सपा विधायकों में खास तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है। दो दिन पहले जहां इन विधायकों ने एक साथ लखनऊ पहुंचकर पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मुलाकात की थी, वहीं उससे पहले जिला मुख्यालय पर एक साथ मीटिंग कर इन विधायकों ने आपसी एकजुटता का परिचय दिया था। विधायकों की पहली ग्रुप फोटो पर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी।
अब बुधवार को पूर्व मंत्री व टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा, पूर्व सांसद व जलालपुर विधायक राकेश पांडेय, पूर्व सांसद व विधायक आलापुर त्रिभुवनदत्त, पूर्व मंत्री व विधायक अकबरपुर रामअचल राजभर तथा कटेहरी विधायक व पूर्व मंत्री लालजी वर्मा एक साथ पुलिस कार्यालय पहुंच गए। आमतौर पर सामूहिक रूप से जनप्रतिनिधियों के डीएम या एसपी से मिलने का मौका जल्दी देखने को नहीं मिलता है। बुधवार को जब एक साथ सभी विधायक एसपी से मिलने पहुंचे तो इसकी गूंज सोशल मीडिया से लेकर आम नागरिकों के बीच खूब सुनाई पड़ी।
एसपी आलोक प्रियदर्शी से मिलकर विधायकों ने उनसे टांडा, भीटी, अहिरौली, अकबरपुर, आलापुर समेत कई थाना क्षेत्रों के अलग-अलग मामलों पर चर्चा की। कहा कि कई मामलों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसे प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित कराया जाए। विधायकों ने कहा कि चुनावी रंजिश के आधार पर यदि उत्पीड़न की कोशिश हुई और पुलिस ने उसमें साथ दिया तो हम सभी चुप नहीं बैठेंगे। ऐेसे प्रत्येक मामले में हम सभी विधायक एक साथ खड़े दिखाई देंगे। विधायकों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ कतई अन्याय व अत्याचार नहीं होना चाहिए। एसपी ने कहा कि पुलिस प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।